बलुवाकोट/पिथौरागढ़। डीएम सी रविशंकर ने 61 लाख रुपये की लागत से बन रही घाटीबगड़ (बलुवाकोट) पेयजल योजना की जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम पिथौरागढ़ को एक मई तक जांच रिपोर्ट उपलब्ध करानी है।
नवयुवक मंगल दल घाटीबगड़ के अध्यक्ष दीपक सिंह ग्वाल ने पांच मार्च को जिला मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में डीएम के सामने पेयजल योजना में घपलेबाजी की शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि योजना में मानकों के अनुसार कार्य नहीं हो रहा है। पाइप लाइनों को जमीन में दबाया नहीं गया है।
योजना के निर्माण के लिए बनाई गई उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति का गठन भी फर्जी तरीके से कराने, समिति गठन में एक एनजीओ और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया। इस पर डीएम ने एसडीएम पिथौरागढ़ को घाटीबगड़ पेयजल योजना की जांच के निर्देश दे दिए हैं।