पिथौरागढ़। बंगापानी तहसील के शिलिंग और खर्तोली गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। इन गांवों के 100 परिवार चार किमी पैदल चलकर प्यास बुझाने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों ने डीएम से नई पेयजल योजना की मांग की है।
बुधवार को 150 किमी की दूरी तय कर मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने डीएम से गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि खर्तोली में 1956 में बनाई गई पेयजल योजना वर्ष 2013 की आपदा में ध्वस्त हो गई थी। अब तक नई योजना तैयार नहीं की गई। इसके इतर गांव के 40 परिवार पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्हें गांव से चार किमी पैदल दूरी तय कर पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है।
इसी तरह शिलिंग में 1962 में बनी पेयजल योजना अब नाकाफी साबित हो रही है। इस गांव के 60 परिवार दो किमी पैदल दूरी तय कर पानी ढो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार प्रशासन, विभाग और जनप्रतिनिधियों के सामने समस्या रख चुके हैं। उन्होंने अब तक नई योजना का मसौदा तक तैयार न करने पर नाराजगी जताई और पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान जगत मर्तोलिया, मनोज महर, जगत महर, मुन्ना धामी, जीवन वर्ती, पूरन परिहार आदि थे। डीएम सी रविशंकर ने जल संस्थान को पेयजल योजनाओं का प्रस्ताव तैयार करने एवं जल्द से जल्द योजना पर काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।