पिथौरागढ़। राजकीय हाईस्कूल कुमैयाचौड़ की चार छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय की शिवानी बिष्ट, निकिता चौहान, कोमल चौहान और सीमा बिष्ट ने 27, 28 अक्तूबर को हुए जिलास्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन 4 से 6 नवंबर को पौड़ी में होने वाले राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमचंद्र पांडेय ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में होने के बाद भी यहां के विद्यार्थी हर वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होते रहे हैं। बताया कि विद्यालय के व्यायाम शिक्षक अभिषेक वर्मा अपने संसाधनों और व्यक्तिगत प्रयासों से बच्चों को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं। चयनित खिलाड़ियों का विद्यालय में सम्मान किया गया। शिक्षक केसी पंत, दीप चंद रजा, किशन सिंह भैसोड़ा, रजनी पांडेय, नंदा भट्ट, पीटीए अध्यक्ष पदम सिंह चौहान आदि मौजूद थे।