गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत के कूड़े को वन पंचायत की भूमि में डालने से वन संपदा के साथ ही पर्यावरण को भी खतरा बना हुआ हैै। वन पंचायत की भूमि में कूड़े का निस्तारण न करने की मांग को लेकर हाट के सरपंच शंकर लाल चौधरी ने डीएम सी रविशंकर को ज्ञापन दिया है।
ज्ञापन में कहा है कि कई वर्षों से नगर पंचायत के कूड़े को वन पंचायत की भूमि में डालने से चीड़, क्वेराल, जामुन और बांज जैसे छोटे पौधों को नुकसान पहुंच रहा है। बताया कि नगर पंचायत द्वारा कूड़े का निस्तारण हाट स्थित गंगनाथ मंदिर के पास किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण के साथ ही मंदिर में आए भक्तों को भी परेशानी हो रही है। कूड़ा निस्तारण वाली जगह से कुछ ही दूरी पर राजकीय इंटर कॉलेज भी है, विद्यार्थियों को पठन-पाठन में दिक्कत होने के साथ ही पर्यावरण दूषित होने से अनेक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
बताया कि कूड़ा डालने से पंचायत के ढाई लाख छोटे पौधों को खतरा बना हुआ है। वन पंचायत इस संबंध में एसडीएम और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीएम से स्वच्छ भारत अभियान के तहत वन संपदा और पर्यावरण को बचाने के लिए अपने स्तर से ठोस कार्रवाई कर कूड़े का निस्तारण अन्यत्र करने की मांग की है।