पिथौरागढ़। मूल रूप से कटियानी गांव में रहने वाले गौरव धामी के इलाज के लिए उसके सहपाठी चंदा एकत्र कर रहे हैं। सेरी कुम्डार गांव में अपनी नानी के घर पढ़ने आए गौरव की 10 सितंबर को मोबाइल की बैट्री फटने से दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां कट गई थी। गौरव का इलाज हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है, इसका ऑपरेशन किया जाना है।
जीआईसी कुम्डार में कक्षा 7 में पढ़ने वाला गौरव गरीब परिवार से है। गौरव की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसकी कक्षा में पढ़ने वाले दिया बिष्ट, शीतल बिष्ट, सपना भट्ट, कुसुम बिष्ट, ममता भट्ट, राहुल भट्ट, अंजली बिष्ट आदि बच्चे गांव-गांव जाकर गौरव के इलाज के लिए चंदा जुटा रहे हैं। जीआईसी कुम्डार के शिक्षकों ने विद्यार्थियों के पहल की सराहना की और स्वयं भी 12 हजार की धनराशि एकत्र की है।
शिक्षकों ने सभी से गौरव की मदद को आगे आने का आग्रह किया है। गौरव के पिता भूपेंद्र धामी ने बताया कि गौरव के इलाज में आर्थिक तंगी आड़े आ रही है। जो लोग भी गौरव के इलाज में मदद करना चाहते हैं, गौरव के पिता के मोबाइल नंबर 9456359655 पर संपर्क कर सकते हैं।