थल (पिथौरागढ़)। थल-सातशिलिंग सड़क पर थल बाजार के पास 200 मीटर के हिस्से पर एडीबी निर्माण खंड ने डामर बिछाने के बजाए मिट्टी पाट दी है। यह सड़क बारिश में कीचड़ से सन गई है। कई वाहन इसमें फिसल गए हैं। पैदल चलने में भी लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इतने हिस्से पर डामर बिछाने की मांग को लेकर थल के लोग कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन एडीबी के अधिकारी डामर बिछाने के मामले को टालते जा रहे हैं।
एडीबी निर्माण खंड ने दो वर्ष पहले थल-सातशिलिंग सड़क के चौड़ीकरण और सुधारीकरण का काम किया था। इस सड़क पर कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आने के बाद शासन ने जांच के आदेश भी दिए हैं। पूर्व कुमाऊं आयुक्त डी सैंथिल पांडियन ने डीएम की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर इस सड़क पर हुई धांधलियों की जांच कराई थी। पिछले दिनों जब थल के लोगों ने आंदोलन किया था तो एडीबी के अधिकारियों ने शीघ्र डामर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन ठीक बारिश के समय सड़क के 200 मीटर हिस्से पर चिकनी मिट्टी डाल दी गई है।
सड़क पर मिट्टी डालने का कारण पूछे जाने पर एडीबी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता डीपी आर्या का कहना है कि गड्ढों को भरने के लिए ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश थमते ही डामर बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, सड़क की दुर्दशा से लोग खासे परेशान हैं। इस सड़क के किनारे स्थित मकानों के अंदर तक कीचड़ पहुंच रहा है। सबसे अधिक खतरा वाहन चालकों को हो रहा है।