गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के दौरे पर आए वित्त एवं आबकारी मंत्री प्रकाश पंत से पूर्ववर्ती सरकार द्वारा घोषित पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना कराने की मांग भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने की। उन्होंने डिग्री कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की भी मांग की।
क्षेत्र के लोगों ने कहा कि महाविद्यालय के भवन निर्माण की गति धीमी है। भवन नहीं बनने से महाविद्यालय संचालन में दिक्कत हो रही है। महाविद्यालय का भवन निर्माण शीघ्र पूरा कराने के साथ ही महाविद्यालय तक सड़क का निर्माण कराया जाए। इससे इलाके के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
महाविद्यालय में विज्ञान विषय की स्वीकृति और व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू करने के साथ ही लोगों ने शालीखेत पंपिंग पेयजल योजना को रामगंगा से जोड़ने, गंगोलीहाट-पव्वाधार-नैनी-जागेश्वर, दशाईथल-आंवलाघाट-पिथौरागढ़ सड़क का निर्माण कराने की भी मांग की। इस दौरान पूर्व प्रमुख ललित पाठक, नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल, राजेंद्र प्रसाद साह, कृष्णा बोहरा, हेमा देवी, भगवान बल्लभ पंत, श्यामाचरण उप्रेती आदि थे।