पिथौरागढ़। भाजपा ने प्रस्तावित पंचेश्वर बांध से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री से मिलने का फैसला लिया है। भाजपा चाहती है कि पंचेश्वर के डूब क्षेत्र में आने वालों को टिहरी बांध के विस्थापितों की तरह तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर आरक्षण दिया जाए। साथ पंचेश्वर स्थित विख्यात चौमू देवता के मंदिर को डूब क्षेत्र से हटाने से पहले भारत और नेपाल के लोगों की राय ली जाए। क्योंकि चौमू देवता के मंदिर में नेपाल के लोग भी पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि पंचेश्वर बांध का निर्माण तो जरूर होगा, लेकिन कुछ जनहित के मसले ऐसे हैं, जिनके समाधान के लिए भाजपा अपने स्तर से प्रयास कर रही है। जोशी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि जिस तरह टिहरी बांध बनने के बाद वहां के विस्थापित परिवारों के लिए तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर आरक्षण दिया गया था ठीक उसी तरह की व्यवस्था पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के विस्थापितों के लिए भी लागू की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचेश्वर में स्थित चौमू देवता के मंदिर को शिफ्ट करने से पहले नेपाल के लोगों की भी राय ली जाए। कहा कि चौमू देवता की पूरे इलाके में बड़ी मान्यता है। उन्होंने जानकारी दी कि पंचेश्वर बांध के मसले पर प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा गया है। जल्द ही प्रधानमंत्री के सम्मुख इस समस्या को रखा जाएगा।