चंपावत। जिले में सहायक अध्यापकों के 145 पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षा विभाग की तरफ से विद्यालयों में अतिथि शिक्षक तैनात किए गए हैं। बावजूद इसके 82 पद अभी भी खाली चल रहे हैं। इससे विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
चंपावत जिले के 105 माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों (एलटी) के 769 पद स्वीकृत हैं। इन विद्यालयों में लगभग 145 पद रिक्त चल रहे हैं। माध्यमिक विद्यालयों में वर्तमान में करीब 17 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग की तरफ से विद्यालयों में अतिथि शिक्षक तैनात किए गए हैं। बावजूद इसके 82 पद अभी भी रिक्त हैं। इनमें से हिंदी में 11, अंग्रेजी 10, संस्कृत दो, गणित 13, विज्ञान 11, सामान्य 10, कला 11, व्यायाम और उर्दू विषय में एक-एक पद रिक्त है।
वहीं महिला शाखा में भी 78 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 10 पद रिक्त चल रहे हैं। रिक्त पदों पर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण शासन की ओर से विद्यालयों में अतिथि शिक्षक तैनात किए गए हैं। बावजूद इसके विद्यालयों में शिक्षक पूरे नहीं हो सके हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
-
एलटी संवर्ग में रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को दी गई है। नियुक्ति शासन स्तर से होती है। नियुक्तियां होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
- मान सिंह बिष्ट, प्रभारी सीईओ, चंपावत