सीमांत जिले में अवैध शराब की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस और एसओजी को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने अलग-अलग जगहों पर शराब के 1428 बोतल और 480 पव्वे बरामद किए हैं। दो वाहनों को सीज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए एसओजी, थाना पुलिस को निर्देशित किया है। टीम ने अस्कोट थाना अंतर्गत बैड़ा से एक पिकअप वाहन (यूके 05सीए 1283) से 80 पेटी (960 बोतल) अंग्रेजी शराब के साथ प्रेम सिंह (28) निवासी गोल्फा, बंगापानी, लवराज सिंह (22) निवासी टांगा, बंगापानी को गिरफ्तार किया। अस्कोट थाना क्षेत्र में ही दूसरे मामले में सियाज मारुती कार (यूके 05 सी 2287) से 30 पेटी (360 बोतल) अंग्रेजी शराब के साथ नरेंद्र सिंह निवासी सिरतोला, तहसील बंगापानी को गिरफ्तार किया गया।
तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया गया है। नरेंद्र सिंह पूर्व में हरियाणा ब्रांड की शराब तस्करी में भी पकड़ा गया था। उधर, बेड़ीनाग में शनिवार सुबह पुलिस ने अभियान चलाकर योगेश पांडेय निवासी नया बाजार के कब्जे से 10 पेटी देसी शराब (480 पव्वे) बरामद किए। इधर पिथौरागढ़ में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थरकोट जाने वाली रोड से विरेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह की दुकान से नौ पेटी बियर, अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की।
चेकिंग के दौरान दोनों पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। दोनों आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है। टीम में एसओजी प्रभारी प्रकाश मेहरा, एसओ अस्कोट आसिफ खान, ओगला चौकी प्रभारी प्रकाश पांडेय,अनिल मर्तोलिया, मनमोहन भंडारी, सत्येंद्र सुयाल, संजीत राणा, प्रहलाद महर, राजेंद्र गोस्वामी, बेड़ीनाग के एसआई विजय नेगी, सुनील सुतेड़ी, अमित कुमार, प्रभारी कोतवाल पिथौरागढ़प्रताप सिंह नेगी, एसआई प्रियांशु जोशी आदि मौजूद रहे।