पिथौरागढ़। शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर विकास प्राधिकरण की टीम ने रविवार को भी कार्रवाई जारी रखी। रई और धनौड़ा क्षेत्र में टीम ने अनियंत्रित और अवैध निर्माण पर 25 भवन स्वामियों को नोटिस भेजे हैं। विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई से मनमाने तरीके से भवन निर्माण कर रहे लोगों में हड़कंप है।
जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे के निर्देश पर प्राधिकरण के सहायक अभियंता भीम सिंह पिछले तीन दिनों से विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। रविवार को भी अभियान जारी रहा। टीम ने धनौड़ा, नेड़ा और बस्ते में मकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में कई भवन बिना प्लान और नक्शे के बनाए मिले। इनमें से 25 भवन स्वामियों को नोटिस भेजे गए। सहायक अभियंता भीम सिंह ने बताया कि आगे भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी। टीम में अवर अभियंता राजेंद्र सिंह, दो पुलिस के और एक होमगार्ड का जवान शामिल थे।