पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु के निर्देश पर पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा स्थित जंगलों में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों से जागरूक रहने का आह्वान भी किया गया।
उपनिरीक्षक अभिसूचना सुधांशु के नेतृत्व में पुलिस, एसएसबी, राजस्व पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सीमा से लगे गांव जाजर चिंगरी, सेल, सल्ला, तड़ेमियां, रावतगढ़ा के जंगलों और मीनागढ़ा से पंचेश्वर तक काली नदी के तट पर कांबिंग अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीणों से आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की। टीम ने सीमा से लगे जंगली क्षेत्रों में 25-30 किमी पैदल चलकर जगह-जगह छानबीन कर सघन चेकिंग की। साथ ही सड़क निर्माण के कार्य में लगे श्रमिकों से भी पूछताछ की।
टीम को क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। कांबिंग में कोतवाली पिथौरागढ़ से उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल महेश चंद्र, वीरेंद्र रावत, अभिसूचना से दीपक कुमार, एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार और पांच जवान, राजस्व उपनिरीक्षक देवराज सिंह बिष्ट, वन दरोगा कैलाश ग्वासीकोटी आदि शामिल रहे।