पिथौरागढ़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नए साल का जश्न नहीं मनाया। उन्होंने नई पेंशन योजना समाप्त करने की मांग को लेकर विकास भवन में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि पुरानी पेंशन शीघ्र बहाल नहीं होने पर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुुंठी के नेतृत्व में कार्मिक विकास भवन पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि आज ही के दिन एक जनवरी 2004 को केंद्र सरकार ने पुरानी पेंशन समाप्त कर नई पेंशन योजना थोपी थी, जिसका सड़क से संसद तक विरोध हो रहा है। इस मामले में प्रदेश के सभी सांसदों को ज्ञापन भी दे चुके हैं।
बावजूद इसके किसी भी सांसद ने अब तक संसद में कर्मचारियों की पैरवी नहीं की। इस दौरान विक्रम नेगी, सौरभ चंद, रोहित उप्रेती, त्रिलोक जंगपांगी, धीरज ओझा, विक्रम भंडारी, सावित्री दुग्ताल, ललिता, प्रेमा जोशी, केएस लडवाल, वंदना भट्ट, हेमा खाती, कृष्णानंद पांडेय, किशोर पंत आदि थे। उधर, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर विरोध किया। इस दौरान संजय पंत, जयंत भट्ट, बलवंत रावत, कमलेश उप्रेती आदि थे।