बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग नगर पंचायत के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। जमुनानगर क्षेत्र के मतदाता 75 वर्षीय प्रताप राम को परिजन डेढ़ किमी तक डोली पर बैठाकर मतदान केंद्र लाए। ढनौली पंत में 92 वर्षीय पार्वती देवी लाठी टेककर मतदान केंद्र तक पहुंची।
खितौली वार्ड में खितोली वार्ड में सुबह से ही महिलाएं कतार में लगी रही। ढनोलीपंत वार्ड में पुलिसकर्मियों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया। बेड़ीनाग के खितौली वार्ड में 6.30 बजे अंतिम मत पड़ा। दिन भर कतार लगी रही। कतार में कई महिलाओं और बुजुर्गों के खड़ा होने पर निर्वाचन अधिकारी तुषार सैनी ने पहले महिलाओं और वृद्धों को मतदान कराया।
मतदाता सूची में नाम नहीं होने से बेड़ीनाग में भी बड़ी संख्या में मतदाता निराश होकर लौटे। पूर्व खंड शिक्षाधिकारी अपने परिजनों के साथ खितौली मतदान केंद्र में पहुंचे। उनके परिवार के किसी भी सदस्य का नाम मतदाता सूची में नहीं था। उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।