पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा के 15वें दल के 10 यात्रियों को बुधवार को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से गुंजी पहुंचाया गया, जबकि 18 यात्री मौसम खराब होने के कारण उड़ान नहीं भर पाए। गुंजी से दसवें दल के 12 यात्री पिथौरागढ़ आए, जबकि सात यात्री अभी गुंजी पर हैं।
नैनीसैनी हवाई पट्टी से सुबह वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर ने 15वें दल के 10 यात्रियों को लेकर गुंजी की उड़ान भरी। 11.18 बजे हेलीकॉप्टर गुंजी पहुंचा और वहां से दसवें दल के 12 यात्रियों को लेकर वापस आया। इसके बाद मौसम खराब होने से उड़ान नहीं हो सकी। 15वें दल के 18 यात्री अभी पिथौरागढ़ में रुके हैं, जबकि 39 गुंजी में हैं।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी से मिली जानकारी के अनुसार दसवें दल के सात यात्री और 11वां दल अभी गुंजी में ही है। 13वें दल के यात्री परिक्रमा पूरी कर कालापानी में रुके हैं। 14वें दल के यात्रियों ने जोंग्जिबू में वाया डोलमा होते हुए कैलाश की परिक्रमा शुरू कर दी है। यात्रा के नोडल अधिकारी दिनेश गुरुरानी ने बताया कि बृहस्पतिवार को मौसम सही होने पर पिथौरागढ़ में रुके यात्रियों को गुंजी पहुंचाया जाएगा और वहां से यात्रियों को यहां लाया जाएगा।