डीडीहाट/धारचूला(पिथौरागढ़)। चीन सीमा के लिए सड़क का निर्माण कर रहे सीमा सड़क संगठन के पास ईंधन खत्म हो गया है। दो दिन के भीतर हेलीकाप्टरों से ईंधन नहीं पहुंचा तो सड़क निर्माण के साथ ही मलबा हटाने का काम भी ठप हो जाएगा।
इस समय चीन सीमा के लिए सीमा सड़क संगठन सड़क का निर्माण कर रहा है। सड़क निर्माण में लगाई र्गइं मशीनों को चलाने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लीटर डीजल की आवश्यकता होती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में मशीनें चलाने के लिए वायु सेना के हेलीकॉप्टरों से ईंधन पहुंचाया जाता है। पिछले कई दिनों से मौसम खराब के कारण हेलीकॉप्टरों से ईंधन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में अब सीमा सड़क संगठन के पास रखा डीजल का स्टाक खत्म हो चुका है।
सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने बताया कि कुछ जेसीबी में ही डीजल बचा है। इसका उपयोग भूस्खलन होने पर मलबा हटाने में किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यदि दो दिन में ईंधन की आपूर्ति नहीं हुई तो बारिश के बाद सड़क में आने वाला मलबा भी नहीं हट पाएगा।
कैलाश मानसरोवर मार्ग कई जगह टूटा
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग मूसलाधार बारिश से गुंजी से कालापानी और कालापानी से नाभीढांग के बीच में कई स्थानों में बंद हो गया है। स्लाइड के कारण इस सड़क में वाहनों का संचालन ठप पड़ गया है।