पिथौरागढ़। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने मानसून के लिए अभी से सजग रहने के निर्देश सभी विभागों को दिए हैं। कहा कि सभी अधिकारी अभी से अलर्ट पोजिशन में आ जाएं।
बृहस्पतिवार देर शाम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अधिकारियों से मुखातिब मुख्य सचिव ने मानसून की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि आपदा के लिहाज से संवेदनशील स्थलों में पर्याप्त संख्या में उपकरण अभी से स्थापित कर दिए जाएं। सड़कों के निर्माण का काम करने वाले विभाग भी पर्याप्त संख्या में मशीनों की तैनाती सड़कों में रखें और मशीनों के लिए टेंडर जारी कर मशीनों की व्यवस्था कर लें।
उन्होंने डीएम से कहा कि जिला स्तर पर एक प्लान तैयार कर लिया जाए। बरसात में सड़क बंद होने पर तत्काल सड़क खोलने की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान में बसाने के लिए पहले से ही स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। बिजली, संचार, ईंधन, राशन स्वास्थ्य सुविधा के साथ ही आपातकाल में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर टीमों की व्यवस्था करने के साथ ही खोज और बचाव की पहले ही तैयारी करने के निर्देश दिए।
डीएम सी रविशंकर ने बताया कि जिले के 48 मार्गों पर 136 स्लाइड जोन चिन्हित किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। बताया कि 35 माइग्रेशन गांवों के लिए राशन की व्यवस्था की जा रही है। 20 क्विंटल राशन गुंजी भेजा जा चुका है। कुछ गांवों में तीन तो कुछ गांवों में छह महीने के लिए राशन स्टाक किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने मानसून से पहले सभी पुलों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।