पिथौरागढ़। जल संस्थान की ओर से शहर वालों को सीवरयुक्त पानी की सप्लाई करने के मामले में अधिवक्ता संस्था के साथ ही विभिन्न संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बैठक कर जल संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जिला न्यायालय में वाद दायर करने का निर्णय लिया।
बृहस्पतिवार को बार भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला बार संघ के महासचिव एडवोकेट अजय बोहरा ने कहा कि जल संस्थान ने ठुलीगाड़ पेयजल योजना से नगर को सीवरयुक्त पानी की सप्लाई कर जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया है। कहा कि जल संस्थान को बार संघ ने 19 अप्रैल को पहला नोटिस भेजा था, जिसका उत्तर नहीं मिला है। जनमंच के संयोजक भगवान रावत का कहना था कि नगर क्षेत्र में लंबे समय से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, मामला लगातार सुर्खियों में है, लेकिन पेयजल मंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रकाश पंत ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में जल संस्थान और पेयजल मंत्री के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि जल संस्थान के खिलाफ जिला न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। बैठक में सभासद सुबोध बिष्ट, सीमांत यूथ मोर्चा के प्रदेश सचिव राकेश वर्मा, एडवोकेट सुभाष चंद्र सिंह, एडवोकेट नवीन कोठारी, एडवोकेट दिनेश खर्कवाल, एडवोकेट हरीश पुनेठा, राजेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।