थल (पिथौरागढ़)। यहां स्यालवे (विनायक) गांव निवासी युवक अनिल सिंह पानू ने सेन ब्रूनो कैलिफोर्निया से सिल्वर यूट्यूब बटन जीता है। उसने यूट्यूब में दिसंबर 2016 में जय मलयनाथ स्वामी नाम से चैनल तैयार किया।
इस चैनल में हिंदी, कुमाऊंनी हास्य के अलावा गीतों को स्थान दिया गया। 28 वर्षीय अनिल इस समय दिल्ली में रहते हैं। उनके यूट्यूब चैनल के एक लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं और पूरी दुनिया में अब तक साढ़े आठ करोड़ दर्शक इस यूट्यूब चैनल को देख चुके हैं।
अनिल ने बताया कि यूट्यूब पदक के लिए चुने जाने के लिए सबसे पहले फिल्म की श्रेणी उत्कृष्ट होनी चाहिए। उसके बाद यह देखा जाता है कि कितने लोग इस चैनल को देखते हैं और उसके नियमित ग्राहकों की संख्या कितनी है। वह कहते हैं कि वह जल्द ही यूट्यूब स्वर्ण पदक हासिल करने का प्रयास करेंगे।
उनके यूट्यूब चैनल में गुड्डू, भूपेंद्र, सबरे आलम, प्रिंस, रोशन, धीरज, मंगल चौहान कलाकार हैं। एकदम पिछड़े इलाके के इस युवक की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। अनिल के पिता हरी सिंह पानू गांव में रहकर खेतीबाड़ी करते हैं।