पिथौरागढ़। पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सिनेमा लाइन इलाके में पेयजल संकट शीघ्र दूर किया जाएगा। जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किन कारणों से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है, इसकी जांच की जाए। मंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर समस्या का हल किया जाए और इसकी जानकारी उनको भी दी जाए। शुक्रवार शाम सिनेमा लाइन पहुंचे पेयजल मंत्री के सामने मोहल्ले के लोगों ने पेयजल संकट का ही मुद्दा रखा।
पालिका सभासद पवन माहरा ने कहा कि सिनेमा लाइन में लगभग हर मौसम में पेयजल का संकट बना रहता है। लाइन में खराबी या फिर असमान वितरण के कारण यह समस्या पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कई बार अधिकारियों के सामने समस्या को रखा जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं निकला। उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमा लाइन में रसोईगैस सिलेंडर का वाहन नियमित नहीं आता। इस कारण लोगों को कठिनाई होती है।
सिनेमा लाइन जाने वाली सड़क पर डामर किए जाने की भी मांग की गई। मंत्री ने सारी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के सामने समस्या उठाने वालों में महेश टम्टा, आनंदी देवी, बिंदु देवी, पूजा देवी, ममता देवी, किरन पांडे, रवींद्र सौन, जानकी देवी आदि थे।