पिथौरागढ़। वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण अब छोटे कस्बों में भी यातायात नियंत्रण की समस्या पैदा होने लगी है। कस्बों से भी अब पार्किंग स्थल बनाने की मांग उठ रही है ताकि यातायात को नियंत्रित किया जा सके। इस बीच कनालीछीना कस्बे में पार्किंग स्थल निर्माण के लिए शासन ने 58 लाख रुपये की मंजूरी दे दी है।
जिले के नगरों में तो जाम लगना, यातायात अव्यवस्था आम बात हो गई है लेकिन अब कस्बों में भी यह समस्या पैदा होने लगी है। जिले के वड्डा, झूलाघाट, थल, मुवानी, जौलजीबी, राईआगर समेत अन्य कस्बों में भी धीरे धीरे यातायात नियंत्रण गंभीर समस्या बनता जा रहा है। कस्बों में वाहनों को खड़ा करने के लिए स्थान तय करने की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं हुई है। अब धीरे धीरे कस्बों से भी पार्किंग स्थल बनाने की मांग उठ रही है।
इस बीच कनालीछीना में पार्किंग स्थल का निर्माण जल्दी शुरू हो जाएगा। जिला पंचायत सदस्य किशन सिंह भंडारी ने बताया कि शासन ने कनालीछीना में पार्किंग स्थल बनाने के लिए 58 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। लोक निर्माण अस्कोट को निर्माण का काम सौंपा जाएगा। श्री भंडारी ने लोनिवि अस्कोट के अधिशासी अभियंता एबी कांडपाल से मुलाकात कर जल्दी निर्माण शुरू करने की मांग की। ईई ने बताया कि जल्दी ही पार्किंग स्थल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उधर, थल में भी लोगों ने पार्किंग स्थल बनाने की मांग को लेकर शासन को पत्र भेजा है। थल के लोगों का कहना है कि थल में यातायात की अव्यवस्था सबसे ज्यादा रहती है। जौलजीबी व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू ने कहा है कि जौलजीबी में भी पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाए।