बारिश से मकान के पास पेड़ गिरा
पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। जिले में भारी बारिश के कारण नुकसान का क्रम जारी है। गंगोलीहाट के कुंजनपुर गांव में शनिवार की रात गोकुल सिंह बुंगला के मकान के पास देवदार का पेड़ गिरने से आंगन को भारी नुकसान पहुंचा है। संयोग से कोई घायल नहीं हुआ। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार राजस्व विभाग की टीम नुकसान का जायजा लेने गांव को रवाना हो गई है।
इधर, जिले के तमाम हिस्सों में शनिवार रात भारी बारिश हुई। जिला मुख्यालय में रातभर पानी बरसता रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। कुछ स्थानों पर ज्यादा बारिश की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों से कहा है कि संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए रखें। सड़क यातायात को बनाए रखने के लिए इस बार डीएम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। रात में तेज बारिश के बावजूद जिले की सभी मुख्य सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से जारी रहा।
कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-26.0 एमएम
बेड़ीनाग-16.0 एमएम
मुनस्यारी-1.0 एमएम
गंगोलीहाट-21.0 एमएम
डीडीहाट-11.0 एमएम
धारचूला-12.0 एमएम