पिथौरागढ़ रोडवेज वर्कशॉप में पहुंचे टायर। संवाद
पिथौरागढ़। स्पेयर पार्ट्स और टायरों के अभाव में पिथौरागढ़ रोडवेज वर्कशॉप में खड़ी 14 बसों को ठीक कर लिया गया है। बसों का संचालन होने से यात्रियों को राहत मिली है।
अमर उजाला ने 06 जून 2024 के अंक में टायरों के अभाव में खड़ी हो गई 14 बसें शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद परिवहन निगम हरकत में आया। पिथौरागढ़ रोडवेज वर्कशॉप को टायरों के 20 जोड़े, चार क्लच प्लेट और चार प्रेशर प्लेट मिल गई हैं।
रोडवेज कार्यशाला में बसों को ठीक कर दिया गया है। सुधार के बाद ऑफ रोड हुईं बसें सड़कों पर दौड़ने लगी हैं। बसों के ऑफ रोड होने के बाद सर्वाधिक दिक्कतें पर्यटकों को हो रही थी। परिवहन निगम के कर्मियों का कहना है कि पार्ट्स और टायर आने के बाद राहत मिली है।
एआरएम रवि शेखर कापड़ी का कहना है कि जो 14 बसें ऑफ रोड हुई थीं, अब उन्हें ठीक कर संचालन शुरू कर दिया है।