धारचूला /मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। भारी बर्फबारी और बारिश से मलबा आने से कंज्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग बंद हो गया है। सड़क बंद होने से चौंदास घाटी की लगभग 12 हजार की आबादी का संपर्क कट गया है।
धारचूला से लगभग 40 किमी दूर स्थित बलमी नामक स्थान पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। सड़क में मलबा जमा होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क बंद होने के कारण नारायण आश्रम के साथ ही पांगू, रिमझिम, रौतो, हिमखोला, छलमा छिलांसों, सिर्खा, सोसा, सिर्दांग, बुंगबुंग सहित अन्य गांवों की 12 हजार की आबादी यातायात सुविधा से वंचित हो गई है। इस क्षेत्र में पिछले चार दिनों से हो रहे हिमपात के कारण डेढ़ से दो फीट बर्फ जमा है। यातायात बंद होने से रौतो गांव से जौलजीबी आई बारात में शामिल बारातियों को आठ किमी पैदल चलकर गांव पहुंचना पड़ा।
मुनस्यारीमें तड़के से हो रही बर्फबारी से मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क बंद होने से तहसील अलग-थलग पड़ गई है। मुनस्यारी से पांच किमी आगे जैंती गांव तक सड़क बंद है। इसके चलते लोगों का जिला मुख्यालय और अन्य जगहों से संपर्क पूरी तरह कट गया है। मौसम को देखते हुए शुक्रवार को सड़क खुलने की उम्मीद नहीं है, यदि मौसम के तेवर इसी तरह रहे तो क्षेत्र में जरूरी वस्तुओं का संकट खड़ा हो सकता है।