पिथौरागढ़। राज्य स्थापना की 18वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दौरान सरकारी भवन बिजली से जगमग होंगे। साथ ही विद्यालयों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्य स्थापना दिवस पर आठ, नौ और 10 नवंबर को जिले के सरकारी भवनों को कम वोल्टेज के बल्बों से प्रकाशमान किया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में पालिका की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल ने बताया कि नौ नवंबर को सुबह 11 बजे से नगरपालिका सभागार स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे।
इस मौके पर विद्यालयों में हुई क्विज प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों का संयोजक एसडीएम सदर एसके पांडेय को बनाया गया है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक एके गुंसाई आदि मौजूद थे।
राज्य आंदोलन के शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
पिथौरागढ़। राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को राज्य आंदोलन के शहीदों को पिथौरागढ़ के नगरपालिका के पास स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम संयोजक जुगल किशोर पांडे ने बताया कि खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा और देहरादून गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों का भावपूर्ण स्मरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के लोग शामिल होंगे।