जौलजीबी (पिथौरागढ़)। अस्कोट की एक महिला ने रविवार सुबह करीब 10 बजे जौलजीबी में गोरी नदी में छलांग लगा दी। महिला को जीआईसी अस्कोट में चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। जौलजीबी के कोतवाल बीबी आर्या ने बताया कि रविवार सुबह महिला के गोरी नदी में कूदने की सूचना मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने गोरी पुल के पास से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। बताया कि नदी में कूदने से पहले महिला ने अपने जेवर और रुपये वहां मौजूद लोगों की ओर फेंक दिए थे। कोतवाल ने बताया कि महिला की पहचान राजमती देवी (50) पत्नी स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मौके पर उसकी चप्पलें भी मिली हैं।
महिला के परिजनों ने उसकी चप्पल और जेवरों की पहचान कर ली है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने नदी में महिला की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला है। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका भी खुलासा नहीं हुआ है।