डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट, धारचूला और कनालीछीना विकास खंडों के स्काउट एवं गाइड का तृतीय सोपान शिविर संपन्न हो गया। शिविर में स्काउट एवं गाइड को विभिन्न बुनियादी जानकारियां दी गईं।
भारत स्काउट एवं गाइड की जिला संस्था पिथौरागढ़ के तत्वाधान में बापू राइंका नारायण नगर में आयोजित शिविर के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य तेज राम टम्टा ने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण से जहां बच्चे देश का सभ्य नागरिक बनते हैं, वहीं दूसरी ओर उनमें नए संस्कारों का भी सृजन होता है। उन्होंने बताया कि तृतीय सोपान में उत्तीर्ण प्रतिभागियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में वरीयता मिलती है।
प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागियों को समय प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, टोली में कार्य करना, प्राथमिक उपचार, पर्यावरण जागरूकता, गांठ बांधना, टैंट, मचान निर्माण, नशामुक्ति, स्वच्छता आदि के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर में एसएम शमीम, राम लाल सागर, विनोद कुमार, देवकी बोरा, लछीमा बिष्ट, चंद्रावती पंत, सुनीता लोहिया ने प्रशिक्षण दिया । प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुसाई, जिला सचिव प्रकाश रावत आदि मौजूद रहे।