पिथौरागढ़। बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान बीएसएनएल की केबल कटने से बृहस्पतिवार को सुबह आठ से 12 बजे तक बीएसएनएल की सेवा ठप रही। पिछले कई दिनों से इस तरह की समस्या से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। बीएसएनएल सेवा ठप होने से बैंकिंग सेवाओं और सरकारी कामकाज पर भी असर पड़ा।
बारहमासी सड़क की कटिंग के दौरान पहाड़ से निकला सारा मलबा सड़क से नीचे फेंका जा रहा है। कई बार मलबा हटाने के लिए जेसीबी और डोजर का भी इस्तेमाल हो रहा है। बीएसएनएल की लाइन ठीक सड़क के किनारे बनी है। मलबा गिराने और मशीनों का प्रयोग होने से भी केबल को नुकसान पहुंच रहा है। लगातार दूसरे दिन संचार सेवा ठप होने से लोग परेशान रहे। बीएसएनएल को भी इस तरह की समस्या से नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बीएसएनएल के क्षेत्रीय अभियंता एसएन रावत ने बताया कि इस समय संचार संबंधी सारी समस्या बारहमासी सड़क के निर्माण के कारण ही पैदा हो रही है। विभाग की तकनीकी टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद लाइन को सुचारु कर दिया।
इधर, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी भट्ट ने डीएम को पत्र लिखकर कहा है कि बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी हो रही है। मलबा निस्तारण के लिए डंपिंग जोन का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। साथ ही मलबे को मनमाने ढंग से पहाड़ी से नीचे फेंका जा रहा है। इससे पेड़, पौधों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों को सख्त निर्देश जारी करने की मांग की है।