बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। डिग्री कॉलेज के मैदान में मंगलवार से नागदेव क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। भारतीय शारीरिक संस्थान और नागदेव क्रिकेट कमेटी प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। उद्घाटन मैच में बीएड विभाग की टीम ने बांसपटान की टीम को हराया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीके पांडे ने किया। उद्घाटन मैच कॉलेज के बीएड विभाग की टीम और बांसपटान की टीम के बीच खेला गया। बीएड विभाग की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। जवाब में बांसपटान की टीम मात्र 131 रन ही बना पाई।
नागदेव क्रिकेट कमेटी के संरक्षक योगेश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 30 हजार और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 50 क्रिकेट टीम भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता नॉकआउट प्रणाली से खेली जा रही है।