जौलजीबी (पिथौरागढ़)। महाकाली में प्रस्तावित पंचेश्वर बांध का विरोध जौलीजीबी मेले के दौरान भी किया जा रहा है। मेला परिसर में व्यापारियों ने अपने स्टालों में बांध के विरोध में पर्चे, पंफ्लेट लगाए हैं। व्यापारी बांध के विरोध वाली टोपियां पहनकर ही दुकानों में बैठ रहे हैं। दुकान में आने वाले ग्राहकों से यही कहा जा रहा है कि यदि बांध बना तो आने वाले समय में यह मेला नहीं हो पाएगा। टोपियों में लिखा है - जौलजीबी मेले को चलने दो, पंचेश्वर बांध को रहने दो।
महाकाली की आवाज संगठन के बैनर तले हो रहे विरोध में सभी व्यापारियों ने सरकार से अपील की है कि बांध को किसी भी हालत में नहीं बनने दिया जाएगा। बांध बना तो सांस्कृतिक विरासत समाप्त हो जाएंगी। लोग अपनी माटी से अलग हो जाएंगे। व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह धर्मशक्तू के नेतृत्व में चलाई जा रही इस मुहिम को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
जौलजीबी मेले में स्थानीय व्यापारियों समेत बाहरी जिलों, प्रदेशों के व्यापारी भी आते हैं। कई दुकानें तो ऐसी हैं जो सिर्फ पोस्टर, बैनर से ही पाट दी गई हैं। महाकाली की आवाज संगठन के संयोजक शंकर खड़ायत ने बताया कि इस मुहिम का व्यापक असर पड़ रहा है। लोगों को बांध के विरोध में 14 नवंबर से लगातार जागरूक किया जा रहा है। अभियान में राजेंद्र बुर्फाल, कमलेश जोशी, अरमान अंसारी, बसंत भट्ट, दीपक कुमार, करन थापा चंदन आदि सहयोग दे रहे हैं।