पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। जिले में बारिश का कहर जारी है। पिथौरागढ़ तहसील में दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गंगोलीहाट के अग्रोन में दो मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। गंगोलीहाट के जरमालगांव में भूस्खलन से एक आवासीय मकान को खतरा पैदा हो गया है।
जिला मुख्यालय के नजदीक सिलपाटा में सोमवार रात बारिश के दौरान अनिल पुनेठा का तीन मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान क्षतिग्रस्त होने की आहट होने पर परिवार के सदस्य बाहर निकल आए, अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। राजस्व टीम ने मौके का मुआयना किया। रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है। प्रभावित परिवार ने अन्यत्र शरण ले ली है। पिथौरागढ़ तहसील के पाभें निवासी गोविंद प्रसाद पुत्र चंद्र राम का मकान भी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने भारी दिक्कत पैदा हो गई है।
उधर, गंगोलीहाट के तहसीलदार राधेश्याम राणा ने बताया कि अग्रोन गांव में कुशी राम पुत्र जोगा राम और सुनीता देवी पत्नी कैलाश राम का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। राजस्व टीम को क्षति का आकलन करने के लिए भेजा गया है। इसी तहसील के जरमालगांव में सोमवार देर शाम कैलाश सिंह पुत्र दान सिंह के मकान के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त होने से आवासीय मकान को खतरा पैदा हो गया है। भूस्खलन की रोकथाम नहीं हुई तो मकान को भी क्षति पहुंच सकती है। प्रभावित ने घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी है।