पिथौरागढ़। विधानसभा निर्वाचक नामावली में 18 से 21 वर्ष आयु के युवाओं का नाम पंजीकृत करने के लिए बूथ लेबल आफीसर 31 जुलाई तक घर-घर जाकर जांच और सत्यापन का काम करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सी रविशंकर ने जिला कार्यालय सभागार में निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, कर्मचारियों की बैठक ली। कहा कि 18 से 21 आयु वर्ग के जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट गए हैं, उनका नाम 31 जुलाई तक हर हाल में दर्ज कराना है। जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनीता बिष्ट को इस काम में तेजी लाने के साथ ही समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि युवा मतदाताओं का पंजीकरण अपेक्षा से कम है, इसलिए इस काम को प्राथमिकता से पूरा करना होगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा सीटों पर नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए प्रपत्र स्थानीय स्तर पर मुद्रित कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम दो-दो स्थानों पर जुड़े हैं, उन्हें नोटिस दिया जा रहा है। एक जगह से उनका नाम हटाया जाएगा। नोटिस का जवाब न देने वाले मतदाताओं का दोनों स्थानों से नाम निरस्त किया जाएगा। बैठक में अधिकारी, कर्मचारियों के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल थे।