सीमा क्षेत्र के लोगों को सुविधा देने की मांग
पिथौरागढ़। सीमाजन कल्याण समिति ने सीमा क्षेत्र के लोगों को रोजगार और उनके लिए सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की है। कहा है कि सीमा क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ेंगी तो पलायन भी रुकने लगेगा।
सरस्वती शिशु मंदिर नया बाजार में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर कैप्टन धरम चंद की अध्यक्षता में हुई समिति की गोष्ठी में मुख्य वक्ता सीमा जागरण मंच के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री मुरलीधर ने सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों को सीमा का सजग प्रहरी बताते हुए उनके पलायन पर गंभीर चिंता जताई। कहा कि सीमा पर रहने वाले लोगों का विकास जरूरी है। इससे सीमा पर होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लग सके।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र के लोग देश की सुरक्षा के सैनिक हैं। इनका पलायन रोकने और रोजगार के लिए केंद्र सरकार ने ठोस नीति बनानी चाहिए। सीमा जागरण मंच के प्रदेश संगठन मंत्री तपन अधिकारी और समाजसेवी चंदन तड़ागी ने सीमा क्षेत्र के लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात को प्रमुखता से रखा। गोष्ठी में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी समेत तमाम लोग उपस्थित थे।