पिथौरागढ़। लोनिवि के आउटसोर्स कर्मियों ने लोनिवि में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, वर्षों से कार्यरत स्थानीय मेट, बेलदारों को लोनिवि का स्थायी कर्मचारी घोषित करने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
लोनिवि आउट सोर्सिंग कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मांगों के लेकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि मेट, बेलदारों को विभागीय कर्मचारी घोषित करने तक किसी सरकारी एजेंसी के माध्यम से कार्य कराने की मांग नहीं मानी जा रही है। वर्दी, जूता, हेलमेट आदि उपलब्ध कराने की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सर्विस में ब्रेक न दोने की मांग भी पूरी नहीं की जा रही है। कहा कि आउट सोर्स कर्मचारियों को ठेकेदारों के शोषण से मुक्ति दिलाई जानी चाहिए। कहा कि प्रांतीय नेतृत्व ने मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है। अगली रणनीति जल्द ही तैयार की जाएगी। प्रदर्शन में तमाम आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद थे।