गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। एसबीआई में स्टाफ की कमी के चलते शाखा प्रबंधक को खुद ही उपभोक्ताओं को कैश बांटना पड़ा। बैंक में क्लर्क नहीं होने से ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को गणाई ब्रांच में एक भी क्लर्क नहीं होने से प्रबंधक बीआर शुक्ला को खुद ही कैश बांटना पड़ा। बैंक में कार्यरत दो क्लर्कों की पदोन्नति के बाद वह अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं। उनके स्थान पर अभी तक एक भी क्लर्क की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे बैंक का कामकाज काफी हद तक प्रभावित हो रहा है। बैंक में रोजाना करीब चार सौ लोग लेनदेन को पहुंचते हैं। बुधवार को एक मात्र क्लर्क के छुट्टी पर होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पासबुक एंट्री मशीन एक माह से खराब पड़ी है। इस संबंध में एजीएम अल्मोड़ा डीके पांगती ने बताया कि दो दिन के अंदर एक स्टाफ को बैंक में भेजा जाएगा।