धारचूला(पिथौरागढ़)। पिछले तीन दिनों से हो रही बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश पनप रहा है। लोगों ने शीघ्र विद्युत कटौती बंद नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हाट देहात और मुख्य नगर में बिजली विभाग की ओर से सुबह दस बसे से शाम पांच बजे तक तार बदलने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते बिजली की कटौती की जा रही है। दूरदराज के गांवों से सरकारी कार्य कराने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा का कहना है कि बिजली नहीं होने से दूरदराज से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग के एई डीएस निर्खुपा का कहना है कि 27 दिसंबर से 13 जनवरी तक तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है।
साइबर कैफे संचालक सुरेंद्र खड़ायत, जमन राम, हरीश धामी का कहना है कि दिन भर बिजली गुल रहने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के गोल्डन कार्ड, आधार कार्ड, आय, चरित्र, जाति प्रमाण पत्र के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष थापा का कहना है कि यदि शीघ्र बिजली कटौती बंद नहीं की गई तो वह व्यापारियों को साथ लेकर आंदोलन करने को विवश होंगे।