कनालीछीना (पिथौरागढ़)। गैडाली से चनोली के लिए हो रहे सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी का बकेट गिरने से राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चनोली का लिंटर क्षतिग्रस्त हो गया। लिंटर में बड़े-बड़े तीन सुराख होने से बारिश का पानी कक्षों में घुस रहा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपकर मौका मुआयना कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक एलडी पंत की ओर से तहसीलदार को सौंपे शिकायत पत्र में कहा गया है कि 31 अगस्त को सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी का बकेट लुढ़ककर स्कूल की छत पर गिर गया। बकेट से छत में तीन सुराख हो गए हैं, जबकि लिंटर में दरारें पड़ गई हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने लोहे का बकेट को छत से हटा दिया है, लेकिन लिंटर में बने सुराखों से बारिश का पानी कक्षों में घुस रहा है। इससे शिक्षण कार्य मुश्किल हो गया है।
छत पर दरारें आने से हादसे का खतरा बना है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा लापरवाही से कार्य करने के कारण बोल्डरों से स्कूल भवन के कमरे की दो दीवारों और एक बीम को भी तोड़ दिया है। मलबे से स्कूल की चहारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल पोलिंग केंद्र भी है।