डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जिले की मांग को अब सीमांत के लोगों को व्यापक समर्थन मिल रहा है। इससे जिला बनाओ यूथ वर्किंग कमेटी के सदस्य भी उत्साहित हैं। जिला बनाने की मांग को लेकर 6 सितंबर की महारैली के लिए अब आगे की रणनीति तय की जा रही है।
वर्किंग कमेटी के सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही अस्कोट, जौलजीबी और बलुवाकोट में संपर्क अभियान चलाया। जौलजीबी में हुई बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला दताल ने कहा कि सीमांत क्षेत्र की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि सीमांत का हर नागरिक चाहता है कि डीडीहाट को शीघ्र जिला बनाया जाए। व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू ने कहा कि जिला बनाने की मांग को लेकर छह सितंबर को पूर्ण बंद रख डीडीहाट महारैली में युवा हिस्सा लेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता राजू पांगती ने कहा कि जौलजीबी के लोग डीडीहाट के साथ खड़े हैं। जिला बनाने के संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। उधर बलुवाकोट में व्यापार संघ अध्यक्ष नरेश बोरा और सचिव सुरेश चंद्र भट्ट ने भी महारैली को पूरा समर्थन देते हुए उस दिन बाजार बंद का ऐलान किया। वर्किंग कमेटी के सदस्यों ने कहा कि राजनीतिक दलों को अब सीमांत की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इस मौके पर लवि कफलिया, रविंद्र बोरा, चंदन साही, रवि बोरा, कवींद्र साही आदि मौजूद रहे।