पिथौरागढ़। बलुवाकोट-पैय्यापौड़ी सड़क 12 दिनों से बंद होने से लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की भी किल्लत हो गई है।
20 जुलाई को जौलाड़ नामक स्थान पर भूस्खलन से सड़क का करीब 40 मीटर हिस्सा बह गया। इससे सड़क के बीच में खाई बन गई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से करीब 15 टैक्सियां गुईयां और पैय्या में फंसी हैं। आसपास के गांवों के करीब 150 विद्यार्थियों को स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है। लोग खतरा उठाकर आवागमन कर रहे हैं। वहीं, रसोई गैस, दैनिक वस्तुओं की कमी हो गई है। सड़क के पुनर्निर्माण का काम काफी धीमी गति से हो रहा है।
लोगों का कहना है कि काम की यही गति रही तो एक माह में भी सड़क पर यातायात बहाल नहीं हो पाएगा। प्रगति संगठन के अध्यक्ष प्रमोद ऐरी ने बताया कि सड़क बंद होने से तीन हजार लोग परेशान है। भूस्खलन से बलुवाकोट की पेयजल योजना भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। अस्थायी व्यवस्था के तहत योजना में पानी चलाया गया है। बताया कि इस संबंध में डीएम को पत्र भेजकर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है। बुधवार को एक शिष्टमंडल डीएम से मुलाकात करेगा।