पिथौरागढ़। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सोमवार को भी राहत और पुनर्निर्माण कार्योें के साथ ही लापता व्यक्तियों की खोजबीन का कार्य जारी रहा। धारचूला के हिमखोला से दो और मुनस्यारी से जैंती से एक व्यक्ति लापता है। सोमवार को मौसम खराब होने के कारण धारचूला से हेली सेवा का संचालन नहीं हुआ।
सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तवाघाट से नदी किनारे ज्यूंती नाले में तलाश के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल आचार्य के नेतृत्व में 2 टीमें बनाई गई जिसमें एनडीआरएफ, पुलिस कीभ टीम के सदस्य दो डॉग स्क्वायड के साथ मौजूद थी। नजंग क्षेत्र में 7 एसडीआरएफ, 7 एनडीआरएफ और 2 पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कार्य किया। हिमखोला में हरकोट में एसडीआरएफ के 2, पुलिस के 3 सदस्यों की टीम ने लापता व्यक्ति किशन राम की खोजबीन का कार्य किया। पेयजल निगम ने सल्लागैर, कफलगैर और बुंगबुंग पेयजल योजना को सुचारु कर दिया है।
बौनातोमिक पेयजल योजना की मरम्मत का कार्य किया गया। आपदा के दौरान पेयजल निगम की 18 पेयजल योजनाओं में से 16 पेयजल योजनाओं में मरम्मत कर पानी सुचारु कर दिया गया है। जल संस्थान ने 26 में से 22 पेयजल लाइनों को रविवार तक सुचारु कर दिया था। मदकोट, दराती, बोथी, साईपोलो योजना का मरम्मत का कार्य सोमवार को भी जारी रहा। विद्युत विभाग ने टांगा, बौना, तोमिक, गोल्फा में से टांगा में विद्युत आपूर्ति कर दी है।
मालोपाती, जैसपुरखान, कनलक, जोशा, नमजला, राथी (दो कैंप) बैंगा, सेविला वजानीधूरा में राहत शिविर लगाकर 52 परिवारों के 219 सदस्यों को भोजन आदि राहत सामग्री वितरित की गई । मुनस्यारी, बंगापानी, धारचूला में प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की गई। भारतीय रेडक्रास समिति ने 400 कंबल, 100 तिरपाल, 100 किचनसेट, 100 मच्छरदानी, 100 साड़ी, 100 चादर भेजे गए हैं। जिलाधिकारी ने आपदा राहत कार्यों में स्थिलता न बरतने के निर्देश उपजिलाधिकारियों को दिए हैं।