झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से लगे गांव के लोग संचार सुविधा नहीं होने से नाराज है। यहां लगे एकमात्र आइडिया कंपनी के टावर में सिग्नल नहीं होने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। मोबाइल में सिग्नल नहीं होने से रसोई गैस बुक नहीं हो पा रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संचार सुविधा में शीघ्र सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नेपाल सीमा से लगे मजीरकांडा, भंडाखोली, डोली, बिसखोली, गौरीहाट और बलतड़ी की करीब ढाई हजार की आबादी आइडिया कंपनी के टावर पर निर्भर है। ग्रामीणों कहना है कि संचार सुविधा नहीं होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में चार माह पहले लगे आइडिया कंपनी के टावर के काम नहीं करने से जरूरी काम अटक गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष पूरन सिंह धारियाल, मुन्ना धामी, ज्योतेंद्र धारियाल, शमशेर सिंह, खीम सिंह, प्रकाश सिंह, दिनेश ठगुन्ना और त्रिलोक सिंह शामिल थे।
उधर, आइडिया कंपनी के एरिया मैनेजर प्रदीप पंत का कहना है कि शुरुआती चार माह में टावर में पर्याप्त सिग्नल थे। नेपाल सीमा को देखते हुए केंद्र सरकार के निर्देश के बाद सिग्नल सीमित किए गए। जनहित को देखते हुए केंद्र सरकार से सिग्नल की क्षमता बढ़ाने का आग्रह किया गया है।