पिथौरागढ़। आंवलाघाट पेयजल पंपिंग योजना के लिए बिजली की सप्लाई शुरू करने के कारण 18 और 19 नवंबर को जिला मुख्यालय के कई हिस्सों में विद्युत कटौती की जाएगी। यह कटौती सुबह 10 से अपरान्ह 4.30 बजे तक होगी।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एनएस गर्खाल ने बताया कि टकाना, जीआईसी, पौण, पपदेव, बजेटी, कलक्ट्रेट, विकास भवन, पांडेगांव, सिमलगैर, घंटाकरण क्षेत्र की बिजली सप्लाई में दो दिन तक कटौती की जाएगी। विभाग ने इस आशय की अग्रिम सूचना जारी कर दी है।
आंवलाघाट पेयजल पंपिंग योजना का काम तेजी से पूरा करने के लिए स्थानीय विधायक और पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। बिजली लाइन पहुंचने के बाद ही पानी लिफ्ट हो पाएगा। वैसे इस योजना से मार्च 2018 से पानी मिलने की उम्मीद जताई गई है। तब तक योजना से संबंधित सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे।