पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ संघर्ष समिति ने नगर की समस्याओं के आकलन के लिए भ्रमण कार्यक्रम शुरू कर दिया है। समिति पदाधिकारी मोहल्ला संघर्ष समितियों का गठन कर समस्याओं को शासन, प्रशासन के सामने उठाएंगे।
पिथौरागढ़ संघर्ष समिति अध्यक्ष दीपक तिवारी के नेतृत्व में सरस्वती विहार कॉलोनी का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की। तिवारी ने लोगों से समस्याओं के निराकरण के लिए स्वयं जागरूक रहने की अपील की। इस दौरान मोहल्ले की समस्याओं का आकलन किया गया। मोहल्ले के लोगों ने पानी की समस्या उठाई। कहा कि मोहल्ले में अनियमित रूप से पानी आता है। गली-मोहल्ले में बाइकर्स के आतंक से भी लोग परेशान दिखे।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं का आकलन कर उनको सही मंच पर उठाया जाएगा और समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। समिति का विस्तार करते हुए मुकेश भट्ट को नगर अध्यक्ष, मुकेश जोशी को नगर महासचिव, नीरज सिंह मेहता को जिला प्रवक्ता, छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष सामंत को जिला सचिव बनाया गया। भ्रमण में प्रशांत उप्रेती, प्रकाश पांडे, तिलकराज जोशी, राजेश जोशी, राजेंद्र मेहता, पीएस धामी, तनुजा, कमल मेहता आदि मौजूद थे।