पिथौरागढ़। पांच माह से वेतन न मिलने से परेशान स्वास्थ्य विभाग की आशा फैसिलिटेटरों ने शुक्रवार को डीएम दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही मांग की कि खसरा रूबेला कार्यक्रम शुरू होने से पहले यदि वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वह इस कार्यक्रम में सहयोग नहीं करेंगे। फैसिलिटेटरों ने समान काम के लिए समान वेतन, बीमा के दायरे में लाने, यात्रा भत्ता देने जैसी मांगें भी उठाई हैं।
आशा फैसिलिटेटर संगठन की जिलाध्यक्ष ललिता बोरा ने बताया कि जिले में 59 फैसिलिटेटर हैं। इनको शासन से मात्र 5782 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता है। यह राशि भी पांच माह से नहीं मिली है। आर्थिक संकट से जूझ रहे आशा फैसिलिटेटरों ने कहा कि ऐसे में राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन में भी दिक्कत आ रही है।
प्रदर्शन के बाद इन लोगों ने मुख्य विकास अधिकारी वंदना और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उषा गुंज्याल से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। प्रदर्शन में संगठन की उपाध्यक्ष बसंती खैर, महासचिव दीपा पाठक, सचिव गीता महर, कोषाध्यक्ष रेनू पंत, कमला बोरा, आइसा खातून, प्रेमा जोशी, पुष्पा बिष्ट आदि शामिल हुईं।