पिथौरागढ़। दलित पिछड़ा समाज संघर्ष समिति ने मंगलवार को गांधी चौक पर धरना दिया। समिति ने स्थानीय और राज्य स्तर के कुल 15 मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इनका तत्काल समाधान किया जाए। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से इन समस्याओं का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया। समिति के अध्यक्ष सहदेव नाथ ने कहा कि दलितों, गरीबों और पिछड़े लोगों के विकास के लिए अब तक सरकार ने कोई ठोस नीति तैयार नहीं की है। इस कारण आम लोग खासे परेशान हैं।
समिति ने पिथौरागढ़ नगर में घुपौड़ से दौला तक सड़क को नगरपालिका के अधीन करने और इस सड़क का नाम शहीद हरीश कापड़ी के नाम पर करने की मांग उठाई। इसके अलावा सभी को शुद्ध पेयजल, पर्याप्त राशन, भूमिहीनों को जमीन देने, किसानों और छोटे व्यापारियों का एक लाख तक का कर्ज माफ करने, सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, शहर में महिला शौचालय का निर्माण करने, मलिन बस्तियों के लोगों को जमीन का मालिकाना हक देने, स्वास्थ्य, शिक्षा में सुधार लाने, अवैध खनन पर अंकुश लगाने, जाति और स्थायी निवास प्रमाणपत्रों को बनाने की प्रक्रिया सरल बनाने, अवैध खनन पर अंकुश लगाने आदि मांगें भी उठाई हैं।
समिति के महासचिव जयप्रकाश ने कहा कि सरकार को इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए। इस दौरान गुंजन सिंह, शुभम, राजू आर्या, ऋतिक, संदीप, आरिफ, पवन, मनीष, अतर सिंह, ओमप्रकाश आदि थे।