निर्धन, बेसहारा बच्चों का जन्मदिन मनाया
पिथौरागढ़। बालश्रम उन्मूलन दिवस पर घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी और जिला प्रशासन ने निर्धन और बेसहारा बच्चों का जन्मदिन मनाया।
राजकीय संग्रहालय में जिलाधिकारी सी रविशंकर, बुजुर्ग जीवंती देवी और अन्य अधिकारियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी रविशंकर ने बताया कि बालश्रम रोकने के लिए जिले में एक समिति का गठन किया गया है। बालश्रम से जुड़ी समस्याओं को समाप्त करने के लिए जरूरी प्रयास किए जाएंगे। सोसायटी के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए बालश्रम की बुराई को समाप्त करने का संदेश दिया। बालश्रम से संबंधित फिल्में दिखाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, उपजिलाधिकारी संतोष पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ऊषा गुंज्याल और सोसायटी के लोगों ने असहाय तबके के बच्चों का जन्मदिन मनाया।
सोसायटी के चेयरमैन अजय चंद्र ओली ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी के साथ ही अन्य अधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान सोसायटी की पूजा, कंचन, सपना सिंह, विनीता सुतेड़ी, करुणा खर्कवाल, नितिन मारकाना, धनेश्वरी देवी, अफसार बख्श आदि थे।
बच्चों से जोखिमभरा काम कराना अमानवीय जुर्म
पिथौरागढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि बच्चों से किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान में जोखिमभरा काम कराना अमानवीय जुर्म की श्रेणी में आता है। बालश्रम निषेध दिवस पर यह गोष्ठी जिला जज के निर्देश पर हुई। गोष्ठी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुलदीप शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी पीबी सिंह, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रेनू ठाकुर, चाइल्ड हेल्पलाइन की आशा पाल ने शिक्षा का अधिकार, बालश्रम के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी। कहा गया कि 14 वर्ष से कम उम्र के किसी बच्चे से यदि जोखिमभरा काम कराया गया तो काम कराने वाले पर जुर्माना लगाया जाएगा। चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि बच्चे की सुरक्षा की जरूरत महसूस होने पर हेल्पलाइन नंबर 1098 में सूचना दी जा सकती है। विद्यालय के प्रबंधक नवीन कोठारी ने गोष्ठी के संचालन में सहयोग दिया। संचालन भावना उप्रेती ने किया।