सौ विद्यालयों में बाल फिल्म दिखाई जाएगी
पिथौरागढ़। केंद्रीय बाल चित्र समिति की ओर से इस जिले के 100 विद्यालयों में बाल फिल्म दिखाई जाएगी। ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार की जाएगी। जिलाधिकारी सी रविशंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि हर विद्यालय में फिल्म दिखाने के लिए तिथि का निर्धारण कर केंद्रीय बाल चित्र समिति को भेजी जाएगी। बाल चित्र समिति की ओर से हर विद्यालय को 1500 रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बाल चित्र समिति के सहायक वितरण अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जिले में बाल फिल्मों के 100 शो दिखाने का प्रस्ताव है। इन फिल्मों में कई तरह की जानकारियां और शैक्षणिक गतिविधि से संबंधित कहानी है। यह फिल्म प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को यह भी निर्देश दिए कि जिन इंटर कॉलेजों के नजदीक प्राथमिक स्कूल हैं, उन स्कूलों के बच्चों को इंटर कॉलेजों में लाकर फिल्म दिखाई जाए।
यह भी कहा कि बच्चों को श्रेष्ठ फिल्म ही दिखाई जाए। फिल्म के शो जुलाई से शुरू कर दिए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर, मुख्य शिक्षा अधिकारी गणेश प्रसाद, जिला शिक्षा अधिकारी शौकत अली समेत अन्य अधिकारी थे।