पिथौरागढ़/धारचूला। सीमांत जिले के बैंकों में दो हजार रुपये के नोट जमा करने के लिए एसबीआई समेत बड़े बैंकों में लोग आए। पहले दिन जिले भर में करीब 12,000 नोट (2.40 करोड़) बैंकों में जमा हुए।
दो हजार के नोट को चलन से बाहर करने के फैसले के बाद मंगलवार को इन नोटों को बदलने का पहला दिन था। जिला मुख्यालय स्थित एसबीआई में सुबह से ही भीड़ लगने लग गई थी। लीड बैंक प्रबंधक अमर सिंह ग्वाल ने बताया कि सभी बैंकों में पहले दिन दो हजार के 12,000 नोट जमा हुए। उन्होंने बताया कि दो हजार के नोट को बदलने वालों की संख्या कम रही।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक जीवन चंद्र पाटनी ने बताया कि पहले दिन 1553 नोट जमा किए गए। उधर धारचूला स्थित एसबीआई में 1888 नोट जमा किए गए। एसबीआई जौलजीबी में 12, कैनरा बैंक में पांच, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक धारचूला में 200, बलुवाकोट में 94, पीएनबी में 154 और नैनीताल बैंक में 2574 नोट जमा हुए। बंगापानी एसबीआई शाखा में 136 नोट जमा हुए। जिले में कुल 2.40 करोड़ रुपये विभिन्न बैंकों में जमा हुए।
बाक्स
...तो घरों में छुपाए थे दो हजार के नोट
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में नोट बदलने के पहले दिन ही करीब 12,000 नोट बैंक में जमा हुए। दो हजार के नोट लंबे समय से बाजार से गायब हो गए थे। एटीएम से भी दो हजार के नोट नहीं निकल रहे थे। इन नोटों को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। नोट बदलने के पहले दिन ही भारी संख्या में सीमांत जिले में दो हजार के नोट बैंक में जमा किए गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों ने दो हजार के नोट अपने घरों में ही रख रखे थे।
दो हजार के नोट बदलने के लिए बैंकों में कतार न बाजार में हाहाकार
एसबीआई की चंपावत शाखा में पहले दिन 842 नोट बदले या जमा हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत/लोहाघाट। दो हजार रुपये के नोट को बदलने को लेकर पहले दिन मंगलवार को कहीं कोई हड़बड़ाहट या अफरातफरी नहीं रही। बैंकों की विभिन्न शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। स्टेट बैंक की चंपावत शाखा में दो हजार रुपये के 842 नोट (16.84 लाख रुपये) जमा हुए। मुख्य प्रबंधक ऋषि चरण ने बताया कि 103 नोट बदले गए जबकि दो हजार रुपये के 739 नोट लोगों ने खातों में जमा कराए। अलबत्ता अभी जिले के 19 बैंकों की 64 शाखाओं में दो हजार के कितने नोट आए इसका ब्योरा नहीं मिल सका है।
लीड बैंक प्रबंधक प्रवीण गर्ब्याल का कहना है कि जिले के सभी बैंकों में सामान्य तरीके से कामकाज हुआ। कहीं भी कोई अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था नहीं करनी पड़ी। अभी अंतिम आंकड़ा नहीं मिला है। फिर भी ढाई हजार से अधिक दो हजार रुपये के नोट जमा होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति एक दिन में 10 नोट ही बदलवा सकेगा। इधर लोहाघाट में सभी शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह लोग लेनदेन करते दिखे।
पेट्रोल पंप में बढ़ गए दो हजार के नोट
चंपावत। पेट्रोल पंप पर तेल भराने के लिए अब लोग दो हजार रुपये के नोट का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। चंपावत के पेट्रोल पंप संचालक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि आमतौर पर सात से आठ नोट आते थे लेकिन मंगलवार को दो हजार रुपये के 21 नोट आए। इसी तरह स्टोन क्रशर में भी दो हजार रुपये के नोट बढ़ गए। संवाद
बनबसा के उपभोक्ता खातों में जमा करा रहे दो हजार के नोट
बनबसा (चंपावत)। बनबसा में दो हजार के नोटों को लेकर अभी किसी तरह की परेशानी नही हुई है। बैंकों एवं व्यवसाय में पूर्व की भांति दो हजार के नोटों का प्रचलन जारी है जबकि व्चापारियों का कहना है कि लंबे समय बाद बनबसा बाजार में दो हजार के नोट दिखाई पड़े हैं। बनबसा के बैंकों में उपभोक्ताओं ने दो हजार के करीब चार से पांच लाख रुपये के नोट जमा कराए हैं। बनबसा में एसबीआई व एनएचपीसी एसबीआई की शाखा प्रबंधक प्रीति ने बताया कि दो हजार के नोट के करीब डेढ़ लाख रुपये ग्राहकों ने बैंक में जमा कराए हैं। इसी तरह बीओबी शाखा प्रबंधक कुलदीप कुमार ने बताया कि बैंक में दो हजार के 243 नोट जमा कराए गए हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी और पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी ने बताया कि बनबसा बाजार में दो हजार के नोट को लेकर कोई दुविधा नही है। व्यापारी ग्राहक से दो हजार के नोट लेकर अपने खातों में या फिर बाहरी व्यापारियों को सौंप रहे हैं। संवाद