पिथौरागढ़। सीमांत जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से 12 सड़कें बंद चल रही हैं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र बंद सड़कों को खोलने की मांग की है। चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़कों के खुलने से लोगों को राहत मिली है।
जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के कारण ऐलागाड़-जुम्मा, आदिचौरा-सीणी, डोर-सैंणरांथी, कालिका-खुमती, छिरकिला-जम्कू, बांसबगड़-कोटा-पंद्रहपाला, डीडीहाट-आदिचौरा-हुनेरा, डीडीहाट-कुनिया, सानदेव-तुर्गोली, झूलाघाट-बलतड़ी, तवाघाट-थानीधार और रामगंगापुल-मुनस्यारी सड़क बंद चल रही है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
उधर मलबा और बोल्डर गिरने से बंद चल रही धारचूला-लिपुलेख सड़क यातायात के लिए खुल गई है। इससे माइग्रेशन पर गए लोगों के साथ ही सुरक्षा बलों के जवानों को भी आवाजाही में सुविधा हो रही है। सड़क बंद होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर पैदल जाना पड़ रहा था।
धारचूला सड़क पर आवाजाही खतरनाक
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-धारचूला सड़क में आवाजाही खतरनाक हो गई है। पलेटा सहित कई अन्य हिस्सों पर पहाड़ी से बोल्डर और पत्थर गिर रहे हैं। लोगों को सावधान करने के लिए बीआरओ ने सड़क में चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। संवाद