पिथौरागढ़। कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने कहा है सफाई व्यवस्था लचर होने के साथ ही, कूड़े का प्रबंधन मानकों के अनुसार नहीं पाया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित निकाय प्रशासन की होती है। सफाई को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय निकाय के अधिकारियों पर शिकंजा कसना होगा और उनके कार्यों की नियमित समीक्षा करनी होगी।
कुमाऊं आयुक्त ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कूड़ा निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मंडल में आने वाले पर्यटक एक बेहतर छवि लेकर जाएं। इसके लिए नगरीय क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था और कूड़े का उचित प्रबंधन होना आवश्यक है। अपर जिलाधिकारी को स्थानीय निकायों के नोडल अधिकारी के तौर पर नामित किया है। सफाई को लेकर अपर जिलाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। किसी भी दशा में कूड़े को खुले में नहीं फेंकेंगे। फेंके गए कूड़े की पारदर्शी फाइबर शीट से घेराबंदी करेंगे।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में कूड़े से उठने वाली दुर्गंध से संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा बना रहता है। नगर निकाय अभियान चलाकर कूड़े के ढेरों और वार्ड में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फोगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जैविक, अजैविक कूड़े को पृथक किए बिना ट्रंचिंग ग्राउंड में न फेंका जाय। कहा कि हमारा कार्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, न कि परेशानी में डालना। वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपर आयुक्त संजय खेतवाल, अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद थे।